वाणिज्य कर कार्यालय में की तालाबंदी

पिथौरागढ़/टनकपुर। प्रदेश व्यापी आह्वान के तहत व्यापारियों ने कर संग्रह नीति सरल करने की मांग को लेकर वाणिज्य कर विभाग में तालाबंदी कर दी। इस मौके पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। व्यापारियों ने ई-सिस्टम वापस नहीं लिए जाने पर आगे भी आंदोलन की चेतावनी दी है। उधर, टनकपुर में भी व्यापारियों ने धरना-प्रदर्शन किया।
व्यापार संघ के जिलाध्यक्ष पवन कुमार जोशी के नेतृत्व में वाणिज्य कर कार्यालय पहुंचे व्यापारियों ने कहा कि पर्वतीय अंचलों मेें अधिकांश व्यापारी छोटे स्तर के हैं। इन व्यापारियों को इंटरनेट की जानकारी नहीं है। पहाड़ में अमूमन इंटरनेट की सुविधा भी खराब रहती है। ऐसे में ई-सिस्टम लागू करना औचित्यहीन है। व्यापारियों ने कहा कि पुरानी व्यवस्था के तहत व्यापारियों को खरीद और बिक्री का विवरण ऑन लाइन करना होता था, जबकि नई व्यवस्था में खरीद और बिक्री के पर्चों को भी ऑनलाइन करने की बाध्यता रखी गई है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर व्यापार संघ के जिला महामंत्री राजेश पंगरिया, जिला उपाध्यक्ष राजेश ठकुराठी, कोषाध्यक्ष विकास गर्ग, नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष शमशेर महर, महासचिव जनक जोशी, संयुक्त सचिव संतोष बिष्ट, कोषाध्यक्ष सीबी गुप्ता, जगदीश मखौलिया आदि मौजूद थे।
टनकपुर में व्यापारियों ने सोमवार को व्यापार कर कार्यालय में धरना-प्रदर्शन कर व्यापार कर सहायक आयुक्त जेएस मर्तोलिया को ज्ञापन सौंप पुरानी व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई। व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला महामंत्री कैलाश कलखुड़िया के नेतृत्व में व्यापारी सेल टैक्स कार्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन कर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन में व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव आर्य, प्रकाश मुरारी, राकेश अग्रवाल, संजय अग्रवाल, गिरीश गोयल, मनमीत सिंह, पवन मित्तल, जगदीश सिंह गांधी, संजय जोशी, बनबसा व्यापार मंडल अध्यक्ष परमजीत सिंह गांधी, संजय अग्रवाल राजेंद्र पाल सिंह आदि शामिल थे।

Related posts