
लालकुआं। राजकीय इंटर कालेज बिंदुखेड़ा के ईको क्लब और एनसीसी एयर विंग के विद्यार्थियों ने सोमवार को बिंदुखत्ता से लालकुआं तक 25 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली निकाल प्रकृति को बचाने का संदेश दिया। लोगाें को पॉलीथिन उन्मूलन, पौधरोपण और नशा उन्मूलन के लिए प्रेरित किया गया।
क्षेत्र के युवा समाजसेवी हेमवती नंदन दुर्गापाल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए इस तरह के प्रयास की सराहना की। कहा कि अन्य संगठनों को इस रैली से प्रेरणा लेने की जरूरत है क्योंकि पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए हर एक की भागीदारी चाहिए। रैली के संयाजक और ईको क्लब, एनसीसी एयर विंग के फ्लाइंग ऑफिसर हेमंत डुंगराकोटी ने बताया कि बीते सात अगस्त से चल रहे पर्यावरण जागरूकता सप्ताह के तहत तमाम कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
साइकिल रैली बिंदुखत्ता और लालकुआं के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए वापस विद्यालय पहुंची। छात्र छात्राओं ने पॉलीथिन उन्मूलन, हरियाली बचाने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने के साथ नशा उन्मूलन के स्लोगन लिखी हुई तख्तियां हाथों में लेकर लोगों से एकजुटता का आह्वान किया। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि भुवन पांडे, जीवन कबडवाल, प्रधानाचार्य पान सिंह बिष्ट, पीटीसी अध्यक्ष जीवन जोशी, नारायण दत्त भट्ट, विनोद तिवारी, अध्यापक विरेंद्र सिंह नयाल, प्रयाग सिंह रावत, दिलीप कैड़ा, जेपी सती आदि मौजूद थे।
