छात्र संघ चुनाव: पहले दिन बिके 25 फार्म, आठ हुए जमा

ऋषिकेश। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई है। पहले दिन अध्यक्ष पद पर एक और महासचिव पद पर दो उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल कराए। जबकि अन्य पदों पर पांच प्रत्याशियों ने ताल ठोकी है। इस मौके पर 25 नामांकन प्रपत्रों की बिक्री हुई।

सोमवार को पीजी ऑटोनोमस कालेज में 17 अगस्त को होने वाले छात्रसंघ निर्वाचन के लिए नामांकन प्रपत्रों की बिक्री और दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई। मतदान को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह देखने को मिला। चुनावी माहौल को लेकर कालेज में गहमागहमी का माहौल है। नामांकन के पहले दिन 25 प्रपत्रों की बिक्री हुई। इसके साथ ही आठ उम्मीदवारों ने परचे दाखिल किए। जिसमें अध्यक्ष पद पर एक, महासचिव पद पर दो, सहसचिव पद पर एक, कोषाध्यक्ष पर एक, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर दो और कार्यकारिणी सदस्य के लिए एक प्रत्याशी ने परचा भरा।
उपाध्यक्ष पद पर पहले दिन किसी का नामांकन नहीं हुआ।

चुनाव अधिकारी डा. एमपी नगवाल ने बताया कि पहले दिन दोपहर दो बजे तक नामांकन प्रपत्रों की बिक्री और दाखिले की प्रक्रिया चली। बताया कि नामांकन की प्रक्रिया मंगलवार को भी जारी रहेगी।

आई-कार्ड बनाने के लिए पहुंचे छात्र-छात्राएं
सोमवार को नामांकन के साथ आई-कार्ड बनवाने के लिए छात्र-छात्राओं की भीड़ रही। मतदान के मद्देनजर कॉलेज प्रशासन ने आई-कार्ड बनाने के लिए अलग से काउंटर स्थापित किया है। चुनाव अधिकारी डा. एमपी नगवाल ने बताया कि बिना आई-कार्ड के किसी भी विद्यार्थी को मतदान की अनुमति नहीं दी जाएगी। बताया कि आईकार्ड बनाने की अंतिम तिथि 14 अगस्त (बुधवार) निर्धारित की गई है।

तीन सौ रुपये में मिल रहा नामांकन फार्म
कॉलेज प्रशासन की ओर से इस बार नामांकन प्रपत्र का शुल्क तीन सौ रुपये निर्धारित किया है। जिस पर कुछ छात्र नेताओं ने आपत्ति जताई है। छात्रों का कहना है कि गत वर्षों तक शुल्क दो सौ रुपये निर्धारित था। मगर, कॉलेज प्रशासन ने अचानक शुल्क में सौ रुपये की वृद्धि कर दी है, जो गलत है।

पुलिस पर दबंगई का आरोप, छात्रों का हंगामा
ऋषिकेश। पीजी कॉलेज में नामांकन के पहले दिन परिसर में प्रवेश को लेकर छात्रों का पुलिस कर्मियों के साथ विवाद हो गया। उन्होंने पुलिस पर दबंगई का आरोप लगाया और जमकर हंगामा किया। कॉलेज प्रशासन ने किसी तरह मामला शांत कराया। सोमवार को पीजी ऑटोनामस कालेज में अध्यक्ष पद का एक दावेदार समर्थकों के साथ नामांकन प्रपत्र खरीदने के लिए परिसर में दाखिल हुआ। भीड़ से अव्यवस्था न फैले इसके लिए यहां तैनात पुलिस कर्मियों ने छात्रों को रोकने का प्रयास किया, मगर उन्होंने एक नहीं सुनी। ऐसे में मौके पर धक्कामुक्की की स्थिति पैदा हो गई। जिससे गुस्साए छात्रों ने बवाल खड़ा कर दिया। मौके पर पहुंचे कॉलेज के शिक्षकों ने बमुश्किल छात्रों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया।

Related posts