
जम्मू: किश्तवाड़ में हिंसा के बाद आज पांचवें दिन भी जम्मू के आठ जिलों में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू जारी रहेगा। अधिकारियों के मुताबिक इलाके में कुछ छोटी घटनाओं के अलावा स्थिति शांतिपूर्ण है। आज से अमरनाथ यात्रा भी फिर से शुरू कर दी गई है। यहां शुक्रवार को सांप्रदायिक झड़प हुई थी जिस दौरान दो लोगों की मौत हो गई थी और निजी एवं सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा था।
एक वरिष्ठ प्रशासकीय अधिकारी ने बताया, ‘‘जम्मू, कठुआ, सांबा, ऊधमपुर, रीसी, राजौरी, डोडा और किश्तवाड़ जिले में कर्फ्यू जारी रहेगा। पुंछ और रामबान जिले में कर्फ्यू नहीं लगाया गया है।’’ उन्होंने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और एहतियातन कर्फ्यू घोषित किए गए स्थानों में स्थिति सुधरने पर इसमें ढील देने का फैसला किया जाएगा। लाउडस्पीकर लगे सुरक्षा वाहनों द्वारा कर्फ्यू वाले इलाकों में लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई क्योंकि यहां भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 144 के तहत कर्फ्यू में किसी तरह की ढील नहीं दी गई है।
