दिल्ली में हाई अलर्ट, स्वतंत्रता दिवस पर कड़े सुरक्षा इंतजाम

दिल्ली में हाई अलर्ट, स्वतंत्रता दिवस पर कड़े सुरक्षा इंतजाम

नई दिल्ली: आईबी के अलर्ट के बाद दिल्ली की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सूत्रों के अनुसार स्वतंत्रता दिवस पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सूत्रों से मिला जानकारी के अनुसार अलर्ट के मद्देनजर 6 स्तरीय सुरक्षा इंतजाम किए गए और बुधवार रात से ही दिल्ली की सीमाएं बंद कर दी जाएंगी। वहीं कल सुबह 5 बजे से एयरस्पेस बंद हो जाएगा। सूत्रों के अनुसार पूरे शहर में जगह-जगह पुलिस की नाकेबंदी की गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि लाल किले के चारों ओर दिल्ली पुलिस और कमांडो के अलावा सफेद पोशाक में सुरक्षा अधिकारी और छिपकर गोलीबारी करने वाले सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जाएगा।

दिल्ली पुलिस और यातायात पुलिसकर्मी विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा के साथ ही अतिसंवेदनशील स्थानों में प्रवेश और निकास केंद्रों पर तैनात रहेंगे। साथ ही सभी ऊंची इमारतों, होटलों, अतिथि गृहों, पहाड़गंज, जामा मस्जिद और लाल किले के नजदीकी इलाकों के बाजारों और रेस्तरां में पुलिस के स्कैनर लगाए जाएंगे।

पुलिस के मुताबिक, इन इलाकों में रिक्शेवाले और अस्थाई दुकान लगाने वाले लोगों को संदिग्ध लोगों और सामानों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने कहा, “हवाईअड्डे, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशनों, बस अड्डों, बाजारों, मॉल और सीमावर्ती इलाकों में गहन जांच शुरू कर दी गई है।”

Related posts