
चंपावत। जिले में पूरे 22 घंटे तक बिजली की सप्लाई भंग रही। चंपावत स्थित सब स्टेशन में रविवार की रात करीब 10 बजे खराबी आ जाने से यह समस्या पैदा हुई। सब स्टेशन में बार-बार आ रही खराबी को लेकर लोगों में गुस्सा है। विभाग के अधिकारी समस्या का ठोस समाधान नहीं निकाल पा रहे हैं।
रविवार को पॉवर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ने लाइन की मरम्मत के नाम पर शटडाउन लिया था। अन्य स्थानों पर तो सप्लाई अपराह्न पांच बजे बहाल हो गई, लेकिन चंपावत के लोगों को रात आठ बजे तक अंधेरे में रहना पड़ा। आठ बजे सप्लाई बहाल होने के ठीक दो घंटे बाद स्थानीय सब स्टेशन में खराबी आ गई और सोमवार सुबह 11 बजे तक सप्लाई पूरी तरह भंग रही। अधिशासी अभियंता सीएस बसनेत ने बताया कि सब स्टेशन में स्पार्किंग होने लगी थी। इस कारण सप्लाई पर असर पड़ा। उन्होंने बताया कि रात में सब स्टेशन में आई खराबी को दूर करने का प्रयास किया गया, लेकिन कामयाबी नहीं मिल पाई।
जिले में बिजली सप्लाई की स्थिति का बुरा हाल है। आम उपभोक्ता महीने में एक दो बार समस्या का सामना करता रहता है। विभाग ने सब स्टेशनों में आई खराबी को दूर करने के लिए अब तक ठोस कदम नहीं उठाए हैं। भाजपा ने इस अव्यवस्था के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा जिला महामंत्री गोविंद सामंत और मंडल अध्यक्ष मुकेश कलखुड़िया ने कहा कि सरकार को पिछड़े जिलों की कोई चिंता नहीं है।
