
चंपावत/पिथौरागढ़। श्रावण सोमवार पर आज बालेश्वर महादेव मंदिर में लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। बड़ी संख्या में महिलाएं सुबह से ही जलाभिषेक के लिए पहुंच गईं। ऐसी मान्यता है कि श्रावण में शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने से फल की प्राप्ति होती है। बालेश्वर मंदिर में भैरव गिरी महाराज ने लोगों को आशीर्वाद दिया।
इधर, जिला मुख्यालय के आसपास स्थित मंदिरों में आज लोगों की भीड़ रही। नागनाथ मंदिर, मानेश्वर मंदिर, घटकू मंदिर में बड़ी संख्या में लोग जलाभिषेक के लिए पहुंचे। श्रावण में घरों में भी शिव की विशेष पूजा की जा रही है। लोग घरों में रुद्राभिषेक के कार्यक्रम कर रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर भागवत कथा का आयोजन हो रहा है। शिव महात्म्य के कार्यक्रम भी हो रहे हैं।
पिथौरागढ़ में सावन के सोमवार को शिव मंदिरों में लोगों की भारी भीड़ लगी रही। जिला मुख्यालय के पुराना बाजार स्थित शिव मंदिर, घंटाकरण शिव मंदिर, सेरादेवल महादेव, धारीधमौड़ा के शिव मंदिर, विण के तपस्यूड़ शिव मंदिर, गंगोलीहाट के रामेश्वर, पाताल भुवनेश्वर, शैलेश्वर, मणकेश्वर, थल के बालेश्वर महादेव, डीडीहाट के मलयनाथ मंदिर, अस्कोट के मल्लिकार्जुन महादेव मंदिर के साथ ही तमाम शिव मंदिरों में सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था।
