कुंडेश्वरी की ग्राम प्रधान पर दो लाख का जुर्माना

काशीपुर। मनरेगा में फर्जी जॉब कार्ड बनाकर फर्जीवाड़ा करने के मामले में लोकपाल (मनरेगा) ने कुंडेश्वरी की ग्राम प्रधान पर दो लाख रुपये का जुर्माना ठोका है। आरटीआई के तहत जिला पंचायती राज अधिकारी रमेश चंद्र त्रिपाठी ने ग्राम प्रधान पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी।
ग्राम कुंडेश्वरी निवासी गोपाल सिंह ने बताया कि गांव निवासी मुकेश नेमी की शिकायत पर लोकपाल (मनरेगा) अमरनाथ सागर ने विकास भवन में सुनवाई की। मुकेश नेमी ने शिकायत की थी कि ग्राम प्रधान रिंकी देवी ने फर्जी जॉब कार्ड बनाकर मनरेगा योजना में उसकानाम मस्टरोल में भरा, श्रमिकों के फर्जी अंगूठे लगाकर बैंक से रुपये निकाले तथा छात्रों एवं एक प्राइवेट स्कूल की शिक्षिका सहित कई लोगों को मजदूर दिखाकर फर्जीवाड़ा किया है। मुकेश नेमी ने फर्जी श्रमिकों की संख्या 27 बताई।
सुनवाई के दौरान ग्राम प्रधान रिंकी देवी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह अनपढ़ है। उसने इसके लिए ग्राम विकास अधिकारी को जिम्मेदार ठहराया। वहीं, ग्राम विकास अधिकारी का कहना था कि ग्राम स्थित कार्यालय की चाबी ग्राम प्रधान के पति के पास रहती है और सभी काम प्रधान द्वारा कराए जाते हैं। इस पर लोकपाल (मनरेगा) ने ग्राम प्रधान रिंकी देवी पत्नी हरपाल सिंह निवासी कुंडेश्वरी पर दो लाख रुपये का जुर्माना ठोका। लोकपाल ने जुर्माने की राशि राज्य रोजगार गारंटी निधि खाते में जमा कराने तथा जिला पंचायत अधिकारी को आदेश का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। लोकपाल ने यह भी कहा कि खंड विकास अधिकारी काशीपुर ने भी मामले की स्पष्ट जांच नहीं की।

Related posts