त्रैमासिक विवरणीय प्रणाली से व्यापारी गुस्से में

अल्मोड़ा। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल ने नई त्रैमासिक विवरणीय प्रणाली का विरोध किया है। व्यापारियों ने सहायक आयुक्त वाणिज्य कर के माध्यम से प्रमुख सचिव (वित्त) को ज्ञापन भेजा है। चेतावनी दी है कि यदि यह प्रणाली लागू की गई तो व्यापारी प्रदेश व्यापी आंदोलन शुरू कर देंगे।
ज्ञापन में कहा गया है कि राज्य भीषण आपदा से गंभीर संकट में है। आपदा से प्रभावित व्यापारियों की केंद्र और राज्य सरकार अब तक सुध नहीं ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विदेशी व्यापार नीति को आधार बनाकर नए-नए नियम लागू कर रही है, जो कि यहां के व्यापार के लिए अव्यवहारिक है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के छोटे-छोटे व्यापारी इस प्रणाली को समझने में अक्षम हैं। अशिक्षित और तकनीकी ज्ञान के अभाव में आनलाइन साफ्टवेयर थोपे जाने पर व्यापारियों को साइबर कैफे, विधि सलाहकार और सीए पर निर्भर रहना पड़ेगा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में यह सुविधा नहीं होने पर व्यापारी कारोबार बंद करने को विवश होंगे। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष श्याम लाल साह, किशन गुरुरानी, नगर अध्यक्ष संजय साह, महामंत्री दीप जोशी, मनोज पवार, आनंद अधिकारी, प्रमोद बिष्ट, कुमुद साह, किट्टू बेदी, अभय साह, दीप भट्ट, राजेंद्र बिष्ट, दिनेश जोशी, राजेश पालनी, नरेंद्र बगडवाल, इरफान हुसैन आदि शामिल थे।

Related posts