
जागेश्वर। वित्त मंत्री इंदिरा हृदयेश ने जागेश्वर धाम के लिए वर्षों पूर्व बनी विकास योजनाओं पर कार्य शुरू न होने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावितों के पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए सरकार तत्परता से काम कर रही है। वित्त मंत्री ने कहा कि वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की पद की दौड़ में शामिल नहीं हैं। पार्टी जिसे भी संगठन के मुखिया का दायित्व सौंपेगी कार्यकर्ता उसे सहयोग करेंगे।
अमर उजाला से एक मुलाकात में उन्होंने कहा कि जागेश्वर क्षेत्र के विकास के लिए तेरह वर्ष पूर्व केंद्रीय पर्यटन मंत्री जगमोहन के मागदर्शन में कई योजनाओं को स्वीकृति मिली थी। लंबा समय बीत जाने के बाद योजनाएं आगे नहीं बढ़ सकी हैं जो चिंताजनक है। पर्यटन विभाग को योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपदा से प्रदेश में काफी नुकसान हुआ है। प्रभावितों के नुकसान की भरपाई मुआवजे से नहीं हो सकती लेकिन उनकी मदद को सरकार हर संभव कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि आपदा मद में धन की कमी नहीं है। आवंटित धनराशि के सदुपयोग के लिए सरकार ने कई स्तरों पर मॉनिटरिंग सेल बनाए हैं। उन्होंने कहा कि आपदा में प्रभावित परिवारों को फिर खडे़ होने की ताकत देने और मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए जागेश्वरधाम में उन्होंने पूजा की है।
