
शिमला। हिमाचल प्रदेश में एलपीजी के लिए डायरेक्ट बेनेफिट स्कीम (डीबीटीएल) सात और जिलों में लागू होगी। एक सितंबर से एलपीजी सब्सिडी इन जिलों के उपभोक्ताओं के सीधे बैंक खातों में ही जाएगी। हिमाचल के चार जिलों ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी में यह योजना पहले ही शुरू हो चुकी है। अब किन्नौर को छोड़कर बाकी 11 जिलों को इसमें कवर कर दिया गया है। पत्र सूचना ब्यूरो शिमला ने इसकी पुष्टि की है।
सभी आधार कार्डधारकों को गैस सिलेेंडर बुक करने पर 435 रुपये उनके बैंक खातों में एडवांस में दिए जाते हैं। एक सितंबर से यह योजना कांगड़ा, चंबा, कुल्लू, सोलन, सिरमौर और लाहौल स्पीति जिलों में शुरू हो रही है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री डा. एम वीरप्पा मोईली ने इन जिलों को भी हरी झंडी दे दी है। यह योजना आधार कार्डों की अच्छी कवरेज के मद्देनजर शुरू की गई है। मसलन कांगड़ा में अब तक 87, चंबा में 82, कुल्लू में 81, सोलन में 75, सिरमौर में 73, शिमला में 72 और लाहौल स्पीति में 72 प्रतिशत आधार कार्ड कवरेज हो चुकी है। हिमाचल के सात जिलों सहित यह योजना देश के 35 जिलों में लांच की गई है।
