आईजीएमसी की भीड़ से रूबरू हुआ वित्तायोग

शिमला। देश का 14वां वित्तायोग सोमवार को शिमला पहुंच गया। खराब मौसम के कारण 5 सदस्यीय इस दल को सड़क मार्ग से ही चंडीगढ़ से लाना पड़ा। दोपहर बाद शिमला पहुंचने के बाद इस दल ने सबसे पहले आईजीएमसी परिसर का दौरा किया। यहां डीसी शिमला दिनेश मल्होत्रा ने आयोग को बताया कि राज्य के सबसे बड़े इस अस्पताल की भीड़ कम करने के लिए यहां से डेंटल और नर्सिंग कालेज को शिफ्ट करने की जरूरत है। इसका प्लान 14वें वित्तायोग को वित्त पोषण के लिए भेजा गया है।
इसके बाद यह दल बल्देयां पंचायत गया और निर्माण कार्यों और इसकी लागत का विवरण लिया। फिर प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान हिपा और हिमफेड पेट्रोल पंप के पास प्रस्तावित टनल के स्थल का निरीक्षण भी किया। मंगलवार को यह दल मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों से होटल पीटरहाफ में चर्चा करेगा और इसके बाद बुधवार को इस दल के किन्नौर जाने का कार्यक्रम है। किन्नौर में भी इस दल को निर्माण लागत की ही जानकारी जुटानी है। 15 अगस्त की सुबह यह दल लौटेगा।

Related posts