सत्ती ने सरकार के खिलाफ भरी हुंकार

शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने सोमवार को राजधानी शिमला में सरकार के खिलाफ हुंकार भरी। उन्होंने राज्य में चल रही सभी योजनाओं को भाजपा का बताकर कांग्रेस सरकार पर झूठी वाहवाही लूटने का आरोप लगाया। कांग्रेस सरकार पर ‘बदला-बदली’ की भावना से काम करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को जिला भाजपा ने उपायुक्त दफ्तर के बाहर धरना भी दिया।
सत्ती ने कहा कि सरकारी डिपो में सस्ता राशन, मुफ्त वर्दी योजना सहित अन्य योजनाएं पूर्व धूमल सरकार ने चलाई थीं। योजनाओं का नाम बदलकर अब कांग्रेस झूठा प्रचार कर रही है। भाजपा नेताओं से लेकर पंच और कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। झूठे मामले बनाकर गुमराह किया जा रहा है। शिमला के विधायक सुरेश भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस सरकार पूर्व भाजपा सरकार के समय हुए विकास को पचा नहीं पा रही है। धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बना है, उस पर भी सिर्फ इसलिए जांच बैठाई गई है क्योंकि वह भाजपा के शासनकाल में बना है। इस अवसर पर भाजपा के जिला अध्यक्ष मदन शर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के लिए उपायुक्त के माध्यम से सरकार के खिलाफ ज्ञापन भी सौंपा।
इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता गणेश दत्त, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष सुनील ठाकुर, जिला महामंत्री महेंद्र रोहाल, मदन शर्मा, शिमला मंडल अध्यक्ष विशेषर नाथ, कसुम्पटी मंडल अध्यक्ष राजेंद्र चौहान, शिमला ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह ठाकुर, ईश्वर रोहाल, प्रेम ठाकुर, रूप दास कश्यप, बीना ठाकुर, राजीव दिप्टा, भारती सूद, चंदन शर्मा, सुखराम, जसविंद्र सिंह सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts