
मंडी। प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ सोमवार को भाजपा सड़क पर उतर गई और जोरदार नारेबाजी कर विरोध जताया। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडी शहर में रैली निकाल कर कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा गया।
रैली को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा की भाजपा ने वर्तमान कांग्रेस सरकार को पर्याप्त समय दिया, मगर प्रदेश सरकार ने जनहित कार्य करने की बजाय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आठ महीने में सरकार ने बदले की भावना से 80 हजार से ज्यादा कर्मचारियों के तबादले किए।
भाजपा नेताओं के खिलाफ झूठे केस बनाने को कतई सहन नहीं किया जाएगा और इस प्रताड़ना के खिलाफ सरकार को सड़क और सदन दोनों में घेरा जाएगा। पूर्व लोनिवि मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर ने कहा कि पूर्व सरकार की सारी योजनाओं को बंद कर दिया गया है। आम आदमी परेशान है। मौजूदा सरकार लंबे समय तक नहीं टिक सकेगी। इधर, भाजपा मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रभारी रामस्वरूप शर्मा ने कहा सरकार ने तबादलाें को उद्योग बना दिया है। कांग्रेसी नेता इस तबादला उद्योग से फलफूल रहे हैं।
जिला भाजपा अध्यक्ष जवाहर ठाकुर ने कहा की अगर सरकार बदले की भावना से कार्य करना बंद नहीं करती तो आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा सचिव पायल वैद्य, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा, मंडी संसदीय क्षेत्र प्रभारी शिशु भाई धर्मा, जिला महामंत्री रणवीर सिंह, हेमपाल राणा, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रियंता शर्मा, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष पाल वर्मा, जिला उपाध्यक्ष हेम राज पठानिया, पूर्व प्रत्याशी बल्ह इंद्र सिंह गांधी, पूर्व प्रत्याशी एवं सदर मंडल अध्यक्ष दुर्गा दत्त, कन्हैया लाल, विधि प्रकोष्ठ जिला मंडी अध्यक्ष नरेंद्र गुलेरिया, दीपक गुलेरिया, रामलाल, मनीष मल्होत्रा, आशीष टंडन, भुवनेश्वरी कपूर, निशांत शर्मा, पंकज कपूर, जिला प्रेस सचिव पंकज शर्मा तथा सभी मंडलों के अध्यक्ष एवं महामंत्री उपस्थित थे।
