
बरठीं (बिलासपुर)। रविवार का दिन बरठीं क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं को परेशानी भरा रहा। बरठीं में रविवार को लगभग पांच घंटे बत्ती गुल रही । इस वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि झबोला स्थित ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी के कारण यह समस्या पैदा हुई थी।
जानकारी के अनुसार गांव संगास्वी, भल्लू-रियाणा, खरोटा सहित अन्य गांव में करीब तीन बजे अचानक ही बिजली गुल हो गई। उमस भरी गरमी में बिजली नहीं होने के कारण लोग परेशान रहे। विद्युत कर्मचारियों को बिजली सप्लाई सुचारु करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। रात करीब साढ़े आठ बजे बिजली सप्लाई आने पर उपभोक्ताओं ने राहत सांस ली। उपभोक्ता राजेश कुमार, सुभाष, अनिल, कृष्ण कुमारी, दिनेश, संजीव कुमार, नरेश, अश्वनी, अशोक सहित अन्य ने कहा कि बिजली सप्लाई के चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा कई बार इस तरह के बिजली कट लगाए जाते हैं। इससे लोगों की समस्या बढ़ जाती है। बिजली नहीं होने के कारण उनके विद्युत चलित उपकरण भी शोपीस बने रहे।
विद्युत विभाग बरठीं के सहायक अभियंता आरपी शर्मा ने कहा कि झबोला ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने के कारण समस्या आई थी। विभागीय कर्मचारियों ने इसे समय पर चालू कर दिया।
