
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिले के काशंगनाला में एक पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। युवक के शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ पहुंचा दिया गया है। जानकारी के मुताबिक हादसा रविवार रात को हुआ है। सोमवार सुबह काशंगनाला में ढांक में किसी ने गाड़ी को फंसे देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान हेम सिंह (23) पुत्र देविया राम निवासी बड़ोग, सलूणी (चंबा) के रूप में हुई है। रिकांगपिओ पुलिस थाना के एएसआई यादव चंद ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शव को क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ पहुंचा दिया गया है, जहां इसका पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और वे शव को लेने यहां पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि गाड़ी में युवक अकेला सवार था या फिर कोई और भी थे, इसके बारे में छानबीन की जा रही है। पुलिस नीचे नाले में भी खोजबीन कर रही है।
