‘गलनाऊ’ ले रहा बीआरओ, राहगीरों की परीक्षा

कर्णप्रयाग। बदरीनाथ हाईवे पर गलनाऊ आएदिन बंद हो रहा है। इससे यह मार्ग यातायात सहित बीआरओ के लिए मुसीबत का सबब बनता जा रहा है। रविवार को भी यहां पर मार्ग सुबह साढ़े नौ बजे तक बंद रहा। इसके चलते एएनएम/जेएनएम की परीक्षा में शामिल होने जा रही परीक्षार्थियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार हो रही बारिश से बदरीनाथ हाईवे पर गौचर और कर्णप्रयाग के बीच गलनाऊ डेंजर जोन बन गया है। यहां पर तकरीबन 100 मीटर ऊंचाई से लगातार भूस्खलन हो रहा है। इससे सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। तीन दिन से लगातार रात्रि में यहां भारी मात्रा में मलबा आ रहा है। जिससे दूसरे दिन नौ बजे बाद यहां वाहनों की आवाजाही हो पा रही है। जबकि 25 जुलाई को यहां पर मार्ग दो दिन तक बंद रहा।
रविवार को भी यहां मार्ग बंद रहने से एएनएम/जेएनएम की परीक्षा में शामिल होने जा रहे परीक्षार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। परीक्षार्थी दीपक शाह के अनुसार तीन बजे से शुरू होने वाले पेपर के श्रीनगर पहुंचना था। सुबह सात बजे गलनाऊ पहुंचने के एक घंटे बाद यहा जान जोखिम में रखकर पैदल जाना पड़ा। सुबह दस बजे की शिफ्ट में पेपर देने जा रही अनीता ने कहा कि सुबह साढ़े पांच बजे जब हम यहां पहुंचे तो ढेर सारा मलबा गिरा था। दलदल को पार कर किसी तरह पेपर देने के लिए श्रीनगर पहुंचे।

Related posts