
चंपावत। बिना कागजातों के और नियम के खिलाफ वाहनों का संचालन कर रहे लोगों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। पुलिस पिछले एक माह से वाहनों की चेकिंग का अभियान जारी रखे है। अब तक दर्जनों वाहनों का चालान कर दिया गया है और आधा दर्जन वाहन सीज कर दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक केएस नगन्याल के निर्देश पर पुलिस ने नेशनल हाइवे संख्या नौ के साथ-साथ सभी आंतरिक मार्गों पर वाहनों की चेकिंग का अभियान चलाया। हर वाहन के कागजातों की जांच की गई। पुलिस ने ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए विशेष रणनीति बनाई है। पता चला है कि ललुवापानी रोड और तामली रोड पर ओवरलोडिंग सबसे ज्यादा हो रही है। जीपों में क्षमता से ज्यादा सवारियां ठूंसी जा रही हैं। कोतवाल आरएस टोलिया ने बताया कि हर मार्ग पर चेकिंग के लिए टीम बनाई गई है। तामली तथा ललुवापानी रोड पर आकस्मिक रूप से छापा मारा जाएगा।
वरिष्ठ उप निरीक्षक मंजू पांडे के नेतृत्व में रविवार को चलाए गए अभियान के दौरान दो वाहन सीज किए गए और सात वाहनों का चालान किया गया। पुलिस के अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मचा है। इसके पहले सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने भी वाहनों की चेकिंग का अभियान चलाया था। उधर, लोहाघाट में भी पुलिस नियमित रूप से वाहनों की चेकिंग कर रही है
