
उत्तरकाशी। जनपद के निचले इलाकों में बीते दो दिनों से बारिश बंद होने से लोगों ने राहत की सांस ली। ऋषिकेश और देहरादून से उत्तरकाशी तक सड़क यातायात चालू रहा। हालांकि अब भी भूस्खलन वाले हिस्सों में लोग जोखिम के साथ आवाजाही कर रहे हैं। हल्की सी बारिश में वाहनों के पहिए जाम हो जा रहे हैं।
शुक्रवार की शाम भट्टी खाला बड़ेथी, धरासू बैंड नालूपाणी, नाकुरी, बंदरकोट व बड़ेथी चुंगी में अवरुद्ध हुए गंगोत्री राजमार्ग पर शनिवार देर शाम यातायात बहाल हो पाया। रविवार को बारिश थमी रहने से यहां वाहन चलते रहे। दोपहर बाद नाकुरी के पास पहाड़ी से भारी मलबा एक गाड़ी पर गिरा। वाहन क्षतिग्रस्त हुआ तथा इसमें सवार लोगों को हल्की चोटें भी आईं। भूस्खलन वाले उक्त स्थानों पर आवाजाही में खासा जोखिम बना हुआ है। रविवार शाम से एक बार फिर बारिश शुरू होने से गंगोत्री हाईवे पर यातायात ठप होने का खतरा मंडरा रहा है।
