
नई दिल्ली। भाजपा की रैली में फिल्म अभिनेत्री किरण खेर की मौजूदगी से राजनीतिक माहौल गरम हो गया है। भाजपा नेता संकेत दे चुके हैं कि उनकी राजधानी में कुछ सेलिब्रेटी उतारने की तैयारी है। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के मुकाबले का कद्दावर नेता भी प्रदेश भाजपा में नहीं है। फिर आम आदमी पार्टी से अरविंद केजरीवाल भी यहीं से मैदान में हैं। चर्चा जोरों पर है कि मुख्यमंत्री के सामने भाजपा किरण खेर पर दांव खेल सकती है। पिछले दो चुनावों में भाजपा ने पूनम आजाद और विजय जौली को मुख्यमंत्री के खिलाफ मैदान में उतारा था, लेकिन अब दोनों नेता नई दिल्ली सीट से चुनाव लड़ने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में पार्टी की नजर किसी सेलिब्रेटी पर है, जो शीला दीक्षित व अरविंद केजरीवाल को टक्कर दे सके। यह सीट भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का भी विषय है। अगर पार्टी तीसरे नंबर पर आती है तो काफी फजीहत का सामना करना पड़ेगा। रैली के दौरान किरण खेर ने अपने संबोधन में कहा कि बचपन में वो रामलीला मैदान में रावण का दहन देखने आती थीं। अब वक्त कांग्रेस रूपी रावण का दहन करने का है, क्योंकि दिल्ली अब कैपिटल ऑफ रेप हो गई है। इस तरह से उन्होंने शीला सरकार पर सीधा निशाना साधा। पार्टी सूत्रों का भी मानना कि नई दिल्ली सीट पर किसी सेलिब्रेटी को टिकट दिया जाएगा। इसके लिए फिल्म अभिनेता सुरेश ओबराय समेत तीन और लोगों से बातचीत चल रही है। इनमें किरण खेर भी हो सकती हैं।
