शादी करना पड़ा मंहगा, मां ने किया बेटे पर चाकू से हमला

नई दिल्ली में मां की मर्जी के खिलाफ शादी करना बेटे को महंगा पड़ गया। नाराज मां ने अपने ही बेटे पर चाकू से हमला कर दिया।

यही नहीं जब पिता ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो उसकी भी पिटाई हो गई। युवक के दो और भाइयों ने भी मां का साथ दिया।

घायल युवक को पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल भर्ती कराया गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे जीबीटी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी मां समेत उसके दो बेटों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार दानिश (25) का परिवार गाजीपुर स्थित मुल्ला कॉलोनी गली नंबर 12 में रहता है। परिवार में उसका पिता रहीस अहमद, मां शबनम, बड़ा भाई नदीम व छोटा भाई जुगनू है।

हाल ही में दानिश ने अपने मां और भाईयों के खिलाफ जाकर अपनी पसंद से शादी करके खोड़ा कॉलोनी यूपी में रहना शुरू कर दिया था। शनिवार शाम चार बजे दानिश परिजनों से मिलने के लिए मुल्ला कॉलोनी आया था। उसी दौरान उसकी मां के साथ बहस हो गई।

देखते ही देखते उसकी मां शबनम और भाई नदीम और जुगनू ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने लिए आए पिता रहीस को भी मारा पीटा।

गंभीर हालत में दानिश को पहले एलबीएस फिर जीबीटी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद मां शबनम और जुगनू भागने का प्रयास कर रहे थे। तभी दोनों को कोंडली पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है।

Related posts