
जम्मू: पाकिस्तानी सैनिकों ने एक बार फिर से जम्मू कश्मीर में पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय चौकी को निशाना बनाया है।
यह पाकिस्तान की ओर से पिछले 24 घंटे में सीजफायर का तीसरा उल्लंघन है। अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे पाकिस्तान ने पुंछ के देगवार और मालटी इलाके में सीमा पार से फायरिंग की है। इसके जवाब में भारत ने भी गोलियां चलाई है। रक्षा मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है।
पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर स्थित नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर रविवार से लेकर अब तक तीसरी बार युद्ध विराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय सीमा में गोलीबारी की। यह जानकारी सेना के एक प्रवक्ता ने दी। प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ जिले के दिग्वार गांव में नियंत्रण रेखा पर हमारी सीमा में रविवार रात लगभग 10 बजे गोलीबारी की।
भारत ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलीबारी की और यह गोलीबारी सोमवार तड़के 3.30 बजे तक चली। पाकिस्तानी सैनिकों ने इस दौरान भारी हथियारों का इस्तेमाल किया। पाकिस्तानी रैंजर्स ने रविवार सुबह जम्मू के कनाचक में की चौकी पर हमला किया था जिसमें एक जवान घायल हो गया। पाकिस्तानी सैनिकों ने युद्ध विराम का उल्लंघन करते हुए पुंछ के बालाकोट में भारतीय सीमा पर हमला किया।
