तुड़ान रुकने से सेब के दाम में हल्का उछाल

शिमला। राजधानी शिमला सहित देश की बड़ी फल मंडियों में सेब की आमद घटने से कीमतों में सुधार आया है। सेब उत्पादक क्षेत्रों में तुड़ान रुकने से सेब के दामों में हल्का उछाल आया है। बीते सप्ताह के मुकाबले सेब की आमद घटकर 50 फीसदी रह गई है।
आने वाले दिनों में सेब मार्केट में छाए मंदी के बादल छंटने की संभावना है। बगीचों में अंधाधुंध तरीके से हो रहे सेब तुड़ान का काम रोक दिया गया है। मिडिया ने विशेषज्ञों के हवाले से सात अगस्त के अंक में दाम को सुधारने के लिए सेब का अंधाधुंध तुड़ान रोकने की सलाह दी थी। इसके बाद मंडियों में सेब की आमद करीब 50 फीसदी तक कम हुई और सेब की कीमतों में उछाल आया। बीते सप्ताह के मुकाबले शिमला सहित देश की सभी बड़ी मंडियों में सेब की कीमत 100 से 200 रुपये प्रति पेटी बढ़ी है।

– 50 फीसदी रह गई सेब की आमद : चौहान
मंडी में सेब की आमद घटकर 50 फीसदी रह गई है। बीते सप्ताह रोजाना करीब 50 हजार पेटी सेब मंडी में पहुंच रहा था, अब लगभग 25 हजार पेटियां ही पहुंच रही हैं। रॉयल की कीमतें बीते सप्ताह 1100 रुपये अधिकतम थी, अब बढ़कर 1300 रुपये अधिकतम हो गई हैं।
– सुरेश चौहान, अध्यक्ष
आढ़ती एसोसिएशन शिमला

माल कम आने से बढ़े दाम : शारदा
चंडीगढ़ सेब मंडी में बीते सप्ताह रोजाना सवा लाख पेटी के मुकाबले अब सिर्फ 50 हजार पेटी सेब ही पहुंच रहा है। मंडी में माल कम पहुंचने से कीमतों में करीब दो सौ रुपये की तेजी है। पिछले हफ्ते रॉयल अधिकतम 1200 रुपये बिका था, अब रेट 1400 रुपये तक पहुंच गए हैं।

Related posts