तेज रफ्तारट्रक अनियंत्रित होकर मकान पर गिरा

मंडी। तेज रफ्तार एक ट्रक अनियंत्रित होकर मकान पर जा गिरा। इस हादसे में कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन मकान का छज्जा टूट गया, जबकि दीवारों में दरारें पड़ गईं। ट्रक चालक ट्रक से बाहर कूद गया। शिकायत पर पुलिस ने भादसं की धारा 279, 337 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी ट्रक चालक अभी फरार है।
मामला तिलक राज पुत्र सरवण सिंह निवासी शिला किपड़ डाकघर दूदर की शिकायत पर दर्ज है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक ट्रक सीमेंट की सप्लाई छोड़ने के लिए कुल्लू गया था। कुल्लू में सीमेंट की सप्लाई छोड़ने के बाद देर रात जब वापस बिलासपुर जा रहा था तो बीच रास्ते में रफ्तार तेज होने से वाहन अनियंत्रित होकर स्व. जय सिंह के मकान पर जा गिरा। जिससे मकान का छज्जा टूट गया, जबकि दीवारों में दरारें पड़ गईं। ट्रक ड्राइवर घटनास्थल से फरार है, पुलिस ने ट्रक के मालिक से संपर्क कर लिया है। ट्रक मालिक से मिले ड्राइवर के मोबाइल नंबर पर पुलिस संपर्क कर रही है। मामले की जांच कर रहे हेड कांस्टेबल पुलिस थाना सदर यशपाल ने बताया कि सीमेंट की सप्लाई छोड़कर ट्रक बिलासपुर जा रहा था। चालक की लापरवाही के चलते बीच रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ट्रक को कब्जे में ले लिया है। इधर, एसपी मंडी आरएस नेगी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस छानबीन कर रही है।

Related posts