भदेहड़ में गैस आपूर्ति न होने पर भड़के लोग

टिहरा (मंडी)। टिहरा क्षेत्र में गैस की आपूर्ति न होने से उपभोक्ताओं को दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। पिछले कई माह से यहां की पंचायतों में गैस की आपूर्ति नहीं हो रही है। इनमें भदेहड़ पंचायत भी शामिल है। आपूर्ति न होने पर भदेहड़ पंचायत के बाशिंदे अब भड़क गए हैं। पंचायत में लोगों को पिछली बरसात से अब तक मात्र एक मर्तबा ही गैस की डिलीवरी की गई है। इससे लोगाें में आक्रोश है। पंचायत उपप्रधान सुदेश चंद ने बताया कि इस बार भी गद्दीधार तक ही गैस की आपूर्ति की गई। इससे आगे लोगाें को आपूर्ति नहीं हो पाई। उपप्रधान के मुताबिक इस संदर्भ में पूछने पर डिस्ट्रीब्यूटर ने बताया कि किराया न मिलने के चलते गाड़ी आगे नहीं जाएगी। विभाग ने ठेकेदाराें को आपूर्ति की बागडोर दे रखी है, लेकिन वे मनमानी कर रहे हैं। आरोप लगाया कि विभाग से बात करने पर कभी सरकाघाट तो कभी सुजानपुर एजेंसी से आपूर्ति की बात की जाती है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। पंचायत के बलेहड़, लखरेहड़, भदेहड़, देवगढ़, चोलगढ़, खजूरटी, फनैहल, मझैर आदि गांवाें के बाशिंदों ने सरकार तथा प्रशासन से सरकाघाट गैस एजेंसी से गैस कनेक्शन देने की मांग की है। इस बारे में सरकाघाट गैस एजेंसी प्रभारी राजकुमार ने बताया कि मामला उनके ध्यान में है। नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Related posts