
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश ग्राम पंचायत चौकीदार संघ ने राज्य सरकार से उन्हें दैनिक भोगी बनाने की मांग की है। संघ के प्रतिनिधिमंडल को बाकायदा खुद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने यह आश्वासन भी दिया है। अब 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर इसकी घोषणा होने का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। इस सिलसिले में पंचायत चौकीदार संघ की बैठक बिलासपुर में आयोजित की गई। इसमें चौकीदारों की मांगों और समस्याओं पर चरचा की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप चंद ने की। जिला प्रधान देवी राम और सचिव कमल शर्मा ने बैठक में कहा कि 16 जुलाई शिमला में हुई बैठक में चौकीदार संघ का प्रतिनिधिमंडल इंटक के महामंत्री वीएस चौहान की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा से मिला था। मुख्यमंत्री ने चौकीदारों को आश्वासन दिया था कि उन्हें दैनिकभोगी बनाया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप चंद ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की घड़ी नजदीक है। प्रदेश के समस्त चौकीदारों को इंतजार है तो बस सीएम की घोषणा का। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित चल रही इस मांग के पूरे होने की उन्हें पूरी उम्मीद है। सीएम ने इस बार यह मांग पूरी की तो पंचायत चौकीदार उनके ताउम्र ऋणी रहेंगे। बैठक में ब्लॉक प्रधान बाबू राम, सचिव राजू राम, महेंद्र सिंह, सतपाल, संजू राम, राम जी, दीप राज, रमेश प्रशांत, सुख राम, धनी राम, भगत राम, धर्मपाल, भगत राम, प्रेम लाल, बिमला देवी, हरीष राम, अमर नाथ, देस राम समेत कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे
