
ऊना। जिले में अवैध खनन का धंधा रुकने का नाम नहीं ले रहा है। हालत यह है कि यहां की प्रमुख स्वां नदी सहित अन्य बड़ी खड्डों में जहां खनन माफिया रात के समय अपने साजो सामान के साथ दस्तक दे रहा है, वहीं जिले की बसाल खड्ड में दिन दहाड़े जेसीबी मशीनों और प्रवासी श्रमिकों की मदद से खनन को अंजाम दिया जा रहा है। हालांकि पुलिस विभाग की ओर से पिछले एक सप्ताह के दौरान इस स्थान पर तीन बार छापेमारियां कर खनन करते लोगों को पकड़ गया है, लेकिन हैरत है कि इसके बावजूद माफिया के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। रविवार दोपहर लगभग दो बजे जब ‘अमर उजाला’ की टीम ने धमांदरी से बसाल तक खड्ड का दौरा किया तो लगभग आधा दर्जन ट्रैक्टर और तीन ट्रक खनन कर माल को ढोने के लिए तैयार खड़े थे। खड्ड के एक किनारे पर ऊंचे-ऊंचे सरकंडों के बीच से ट्रक और ट्रैक्टरों को खड्ड से सटाया गया था। दूसरे किनारे पर सरकंडों के बीच ही प्रवासी श्रमिकाें की लगभग आधा दर्जन टोलियां माल को वाहनों में लोड करने के लिए तैयार खड़ी थीं। इसी दौरान एक प्रवासी ने इशारा किया और सभी वाहनों को पोजीशन पर लेकर खड्ड में ला खड़ा किया गया, एक दम से प्रवासी आए और उन्हाेंने गाड़ियां लोड कर आगे भेज दी। इसी के साथ कुछ ही दूरी पर खड्ड के बीचों बीच एक जेसीबी मशीन को लगाकर खनन को अंजाम दिया जा रहा है। कुछ लोग मशीन के आसपास खड़े इधर-उधर नजर रख रहे थे, जबकि एक समय पर एक ही ट्रैक्टर को खड्ड में उतारा जा रहा था। बाकी सभी ट्रैक्टरों को सरकंडों के बीच छुपाकर रखा गया था। उधर, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि बसाल में खनन किए जाने की सूचना मिली है। पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया था, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पूर्व उक्त लोग मशीनरी लेकर मौके से फरार हो चुके थे। उधर, जिला खनन अधिकारी परमजीत सिंह ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस क्षेत्र में जल्द ही खनन माफिया पर शिकंजा कसा जाएगा।
