
हरिद्वार। मानसिक तनाव झेल रहे दिल्ली के एक युवक ने यहां एक होटल में शनिवार सुबह फांसी लगाकर जान दे दी। युवक के कमरे से सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उसने आत्महत्या के लिए खुद को ही जिम्मेदार बताया है।
सुसाइड नोट से मिले नंबर के आधार पर परिजनों को सूचित कर दिया गया है। नगर कोतवाली पुलिस ने बताया कि चांद तिराहा, दरियागंज, दिल्ली निवासी इक्कीस वर्षीय विशाल पुत्र देवेंद्र शुक्रवार सुबह हरिद्वार आया था। वह चित्रा टाकीज वाली गली स्थित दीप होटल के कमरा नंबर तीन में ठहरा था। शनिवार सुबह युवक कमरे में पंखे से लटका मिला। होटल प्रबंधक ने इसकी सूचना नगर कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने कमरे में पहुंच युवक का शव नीचे उतारा। कमरे की तलाशी लेने पर सुसाइड नोट बरामद हुआ। युवक ने आत्महत्या के लिए खुद को जिम्मेदार बताया है। सुसाइड नोट पर लिखे गए नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। एसएसआई पीके उनियाल ने बताया कि युवक दिल्ली में कपड़े का कारोबार करता था। उसके परिजनों ने बताया कि काफी दिनों से वह मानसिक तनाव में चल रहा था। पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा रही है। वहीं देर शाम तक परिजन हरिद्वार नहीं पहुंचे थे।
