
रुड़की। शनिवार दोपहर ढंडेरा रेलवे फाटक पर जाम लग गया। जाम के कारण रेलवे फाटक बंद नहीं किया जा सका। आनन-फानन में दो मालगाड़ियों को ढंडेरा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुची आरपीएफ और पुलिस ने जाम खुलवा कर रेलवे फाटक बंद कराया।
ढंडेरा लंढौरा मार्ग पर ट्रैफिक लोड बढ़ता जा रहा है। शनिवार दोपहर वाहन स्वामियों द्वारा पहले रेलवे फाटक पार करने की होड़ में जाम लग गया। इसी बीच मालगाड़ी आने की सूचना पर केबिन मैन फाटक बंद करने लगा। लेकिन ट्रेक पर वाहनों की कतार लगी होने के कारण फाटक बंद नहीं हो सका। कैबिन मैन की सूचना पर रेलवे फाटक से गुजरने वाली दो मालगाड़ियों को ढंडेरा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। बाद में आरपीएफ और पुलिस ने जाम खुलवाया। आरपीएफ उपनिरीक्षक केएस रावत ने बताया कि रेलवे फाटक पर जाम लगने के कारण 40 मिनट तक रेलवे ट्रैक बाधित रहा।
