आपदाग्रस्त इलाकों में फंसे 26 लोगों को निकाला

धारचूला। उच्च हिमालयी क्षेत्र गुंजी में डोजर की चपेट में आने से घायल हुए मजदूर को हेलीकॉप्टर से धारचूला पहुंचाया गया। इसके अलावा शनिवार को दुग्तू, तेजम, गुंजी क्षेत्र से 26 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। प्रशासन ने हेलीकाप्टर से इन इलाकों में 62 क्विंटल राशन भी ड्राप किया है।
उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि मौसम में सुधार आने के बाद हेलीकॉप्टरों ने तेजम में 14 क्विंटल राशन ड्राप किया और 13 लोगों को धारचूला पहुंचाया। इसी तरह दुग्तू में 39 क्विंटल राशन ड्राप कर आठ लोगों को निकाला गया। हेलीकॉप्टर से गुंजी क्षेत्र मेें भी नौ क्विंटल राशन ड्राप किया गया। बताया कि यहां से पांच लोगों को धारचूला पहुंचाया गया। इनमें से एक राजेंद्र सिंह बुधवार को डोजर की चपेट में आने से घायल हो गया था। जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कर दिया गया है। घायल की हालत खतरे से बाहर है।

Related posts