बाराहीधाम में पहुंचने लगे बाहरी क्षेत्रों के व्यापारी

लोहाघाट। बाराहीधाम देवीधुरा में बग्वाल मेले को लेकर मथुरा, हापुड़, बरेली, मेरठ आदि स्थानों से व्यापारियों तथा खेल तमाशे वालों के आने का क्रम शुरू हो गया है। ईद के बाद यहां व्यापारियों के आने का दौर तेज हो जाता है। परिक्रमा मार्ग समेत देवीधुरा के बाजार में नालियों की सफाई, सड़क में गड्ढों का भरान और उनकी मरम्मत का कार्य लोनिवि द्वारा तेजी के साथ किया जा रहा है।
मुचकंद ऋषि के आश्रम मचवाल में डुंगराकोट निवासी पं.माधवानंद जोशी के अनुज मोहन चंद्र जोशी द्वारा शिव परिवार और राधा कृष्ण जी की भव्य मूर्तियां स्थापित किए जाने से इस स्थान की दिव्यता बढ़ गई है। श्री जोशी का दिल्ली में अपना कारोबार है। आए दिनों मचवाल का और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।
इधर, कुशी राम पंडाल में सांसद प्रदीप टम्टा द्वारा दी गई सांसद निधि से किए जा रहे सभागार के निर्माण का सीडीओ जेके तिवारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और कार्य में तेजी लाने के लिए आरईएस के अभियंता को निर्देश दिए। उनके साथ बीडीओ केसी जोशी भी थे। देवीधुरा के स्थानीय व्यापारी अपनी दुकानों को सजाने में लगे हुए हैं। विद्यालय स्तर पर मेले के दौरान होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं की भी तैयारियां की जा रही हैं। मेले में जीआईसी देवीधुरा के स्काउट गाइड की विशेष भूमिका रहती है।

Related posts