
अल्मोड़ा। बंगलुरू में आयोजित 12वीं यूनियन बैंक आल इंडिया जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता के फाइनल में चिराग और कुहू गर्ग की जोड़ी ने रजत पदक और चिराग सेन ने कांस्य पदक प्राप्त कर राज्य का नाम रौशन किया।
उत्तराखंड बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि अंडर-17 के मिश्रित युगल के फाइनल मैच में चिराग सेन और कुहू गर्ग की जोड़ी का मुकाबला कर्नाटक की पूर्वशिका, संतोष की जोड़ी के साथ हुआ। संघर्षपूर्ण मुकाबले में 20-22, 16-21 के स्कोर में चिराग सेन, कुहू गर्ग की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें रजत पदक दिया गया। अंडर-17 के बालक युगल के सेमीफाइनल मैच में रोहन कपूर, सौरभ शर्मा की जोड़ी ने चिराग सेन, ला तलार की जोड़ी को 21-15, 10-21, 21-15 से पराजित किया। चिराग सेन और ला तलार की जोड़ी को कांस्य पदक पर ही संतोष करना पड़ा। अंडर-17 आयु बालक युगल के क्वार्टर फाइनल मैच में रोहन कपूर और सौरभ शर्मा की जोड़ी ने लक्ष्य सेन, बोधित जोशी की जोड़ी को 21-17, 24-22 से पराजित किया। श्री मनकोटी ने इसका श्रेय राष्ट्रीय प्रशिक्षक और उत्तराखंड के मुख्य प्रशिक्षक डीके सेन को दिया है।
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर संसदीय सचिव उच्च शिक्षा मनोज तिवारी, जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मीणा, मधु खाती, शोभना बनर्जी, सीएल सेन, सुरेश कर्नाटक, जगमोहन फर्त्याल, प्रशांत जोशी, रामवतार, राजेंद्र बोरा आदि ने खुशी जताई है।
