
अल्मोड़ा। प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित ईद मिलन कार्यक्रम में वक्ताओं ने ईद को सौहार्द और खुशहाली बढ़ाने का पर्व बताया। इस मौके पर लोगों ने एक दूसरे को शुभकामनाएं दी।
रैमजे इंटर कालेज सभागार में हुए समारोह की अध्यक्षता करते हुए पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने अल्मोड़ा को कौमी एकता का गुलदस्ता बताया। उन्होंने कहा कि यहां सभी धर्मों के लोग पर्वों को मिलजुल कर और सौहार्द पूर्वक मनाते हैं जो मिसाल है। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि त्यौहार सामाजिक सद्भाव बढ़ाने का माध्यम हैं।
अपर जिलाधिकारी प्रशांत आर्या ने कहा कि ईद का पर्व भाईचारे, खुशहाली और अमन-चैन का पैगाम देता है। समारोह में उप जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, जामा मस्जिद के इमाम मो. युसुफ रजा कादरी, हाली अब्दुल शकूर, केवल सती, अर्बन बैंक के अध्यक्ष आनंद सिंह बगडवाल, कैप्टन जेके पंत, जसवंत सिंह अधिकारी, मो. जब्बार आदि ने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन अख्तर हुसैन ने किया। इस मौके पर लीला टम्टा, रीता दुर्गापाल, तहसीलदार हरिराम, अनवर खान, कमाल अशरफ, मोहन गिरी, विशन राम, कुंदन लाल आदि मौजूद थे।
