बारिश से जनजीवन प्रभावित

बारिश से जनजीवन प्रभावित
सोलन / बद्दी। जिले में हल्की और मध्यम बारिश के चलते सामान्य जीवन प्रभावित रहा। रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच बिजली भी गुल होती रही। ऐसे में पेयजल व्यवस्था पर भी असर दिखा। जगह-जगह पेड़ गिरने से बद्दी क्षेत्र में छह घंटे तक बिजली प्रभावित रही। छह संपर्क मार्ग और नालागढ़-स्वारघाट हाइवे पर यातायात प्रभावित रहा और लोगों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ीं।
परिवहन निगम के अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक लेवण, घरेड़, चमधार, तालड़ साईं और नालागढ़-स्वारघाट मार्ग पर शुक्रवार को बसें नहीं चलीं। चिकनी खड्ड में दूसरे दिन भी काफी जलस्तर रहा, जिससे वाहनों की आवाजाही बंद रही है। वाहन चालक वाया दभोटा होकर करीब दस किमी का अतिरिक्त सफर करके अपने गंतव्य पर पहुंचे। वहीं बद्दी क्षेत्र में भी रात भर बिजली की आंख मिचौली लगी रही। सुबह 7 बजे ही बिजली गुल हो गयी और दोपहर 12 बजे बहाल हो पाई। संडोली गांव के समीप बिजली के खंभे पर पेड़ गिरने से यह समस्या आई थी। बिजली गुल होने से संडोली, बद्दी, भुड्ड और मखनू माजरा समेत दो दर्जन से अधिक उद्योगों का कामकाज काफी प्रभावित रहा। इस संबंध में बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता राजीव सूद ने बिजली गुल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि संडोली गांव के समीप लाइन पर पेड़ गिरने से फीडर नंबर 9, 10 और 11 बंद हो गए थे। लाइन को दोपहर 12 बजे चालू कर दिया था। वहीं नालागढ़ के अड्डा प्रभारी छोटू राम ने बारिश के कारण मार्ग बंद होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के चलते ऐसा हुआ है। मौसम ठीक होने के बाद मार्ग को खोल दिया जाएगा।

Related posts