
रात्रि पेट्रोलिंग को पुलिस सुरक्षा मिले
बद्दी (सोलन)। जिला खनन अधिकारी सरिद चंद्र ने एसपी अरुल कुमार से बैठक कर खनन रोकने के लिए पुसिल से सहयोग की अपील की। जिला खनन अधिकारी ने बताया कि विभाग के पास स्टाफ की कमी है। रात के समय बिना सुरक्षा के खनन रोकना कठिन कार्य है। इससे पहले एसडीएम पर जानलेवा हमला और गार्ड से मारपीट हो चुकी है। इसलिए सुरक्षा मुहैया करवाई जाए।
जिला खनन अधिकारी ने बताया कि दिन के समय खनन विभाग के कर्मचारियों को सुरक्षा की जरूरत कम होती है, लेकिन रात के समय बिना सुरक्षा के विभाग कुछ नहीं कर पाएगा। एसपी अरुल कुमार ने जिला खनन अधिकारी को आश्वासन दिया कि उन्होंने पहले ही सभी थानों व चौकियों को खनन को लेकर अलर्ट कर दिया गया है। बताया कि जब भी खनन को रोकने के पुलिस बल की जरूरत पड़े तो बिना किसी हिचकिचाहट बताएं।
बाक्स
हमीरपुर से खनन निरीक्षक बद्दी भेजा
बद्दी (सोलन)। सरकार ने हमीरपुर के खनन निरीक्षक को बीबीएन जाने के आदेश दिए हैं। वे शीघ्र अपना कार्यभार संभाल लेंगे। जिला खनन अधिकारी सरिद चंद्र ने बताया कि उद्योग विभाग के सिंगल विंडो में दो कमरे मुहैया कराने के लिए सरकार को पत्र लिखा गया है जिससे वह अधिकांश समय बीबीएन क्षेत्र को दे सकें। उन्होंने कहा कि इसके अलावा उद्योग विभाग के निदेशक ने यहां पर गार्डों की संख्या बढ़ाने का भी आश्वासन दिया है।
