
भाजपा 13 को करेगी धरना-प्रदर्शन
अर्की (सोलन)। प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अर्की मंडल भाजपा जिला स्तर पर निर्धारित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम में शिरकत करेगी। शनिवार को अर्की में संपन्न पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में जिला भाजपा अध्यक्ष एवं अर्की के विधायक गोविंद राम शर्मा ने यह जानकारी दी। मंडल अध्यक्ष रमेश ठाकुर की अगुवाई में आयोजित बैठक में अर्की मंडल भाजपा के विभिन्न मोर्चा पदाधिकारी इस बैठक में उपस्थित रहे।
इस मौके पर मंडल महामंत्री यशपाल कश्यप ने बताया कि प्रदेश सरकार की जन विरोधी नीतियों, केंद्र सरकार के सर्वव्यापी भ्रष्टाचार और किसानों तथा समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को लेकर प्रदेश भाजपा 13 अगस्त को सोलन में जिला स्तरीय विरोध दिवस आयोजित करेगी। जिसमें अर्की मंडल से एक सौ से अधिक कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। बैठक में अर्की विस क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
मंडल महासचिव यशपाल कश्यप ने बताया कि विस क्षेत्र के तहत विभिन्न पंचायतों में सड़कों की खस्ता हालत से लेकर बसों की कमी तथा विभागों में विभिन्न वर्ग के रिक्त पदों के कारण लोगों को आए दिन खासी परेशानी झेलनी पड़ती है, लेकिन स्थानीय कांग्रेस नेता लोगों की समस्याओं की अपेक्षा अदला बदली में व्यस्त हैं। इस मौके पर संत राम ठाकुर, सुरेश जोशी, राकेश भारद्वाज, जय नंद शर्मा, हरीश कौशल, हंस राज भाटिया, प्रभा भारद्वाज, दिलीप पाल, यशवंत सिंह, मदन ठाकुर, नरेंद्र गुप्ता, राम सिंह और प्रबल ठाकुर आदि मौजूद रहे।
