एक मिनट में 80 श्रद्धालुओं की निकासी

नयनादेवी (बिलासपुर)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयनादेवी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस ने पुख्ता प्रबंध किए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से सेक्टर नंबर एक को सबसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील माना गया है। लिहाजा, यहां पर चौकसी ज्यादा बढ़ाई गई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के जवान मंदिर क्षेत्र में डटे हुए हैं। एक मिनट में 80 श्रद्धालुओं की निकासी करवाई जा रही है।
एएसपी एवं पुलिस मेला अधिकारी विनोद शर्मा ने शनिवार को स्वयं मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एएसपी ने कहा कि सुरक्षा में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दर्शन के तुरंत बाद श्रद्धालुओं को बाहर भेजा जा रहा है। एक मिनट में लगभग 80 श्रद्धालुओं की निकासी की जा रही है ताकि लाइन में खड़े यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। हालांकि इस बार श्रावण मेला में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। गत रात्रि श्रद्धालुओं की भीड़ मुख्य अड्डे से आगे पहुंच गई थी। पंजाब से आए यात्री रमन, पटियाला के पप्पी, विंटू, सहारनपुर के धर्मपाल ने बताया कि बस अड्डा से मंदिर तक पहुंचने में उन्हें तीन घंटे का समय लगा। भीड़ ज्यादा होने से आगे बढ़ना तक मुश्किल हो गया है। उधर, शनिवार को भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। सुबह से ही श्रद्धालु श्री नयनादेवी पहुंचना शुरू हो गए थे।

Related posts