नूरपुर में एनएच 5 घंटे रहा बंद

नूरपुर (कांगड़ा)। पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर भारी बारिश से करीब पांच घंटे तक यातायात अवरुद्ध रहा। शनिवार सुबह करीब पौने 4 बजे ढक्की के पास नेशनल हाईवे पर चट्टानें गिरने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। बसों में सफर कर रहे यात्रियों समेत स्कूल-कॉलेज के छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशानी झेलनी पड़ी। ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 9 बजे लोनिवि (एनएच) ने जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर नेशनल हाईवे को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल तो कर दिया लेकिन ट्रैफिक वन-वे ही बहाल हो पाया। इसके चलते दिन भर नेशनल हाईवे के दोनों किनारों पर जाम की स्थिति बनी रही। लोनिवि (एनएच) के एसडीओ त्रिलोक चौधरी ने बताया कि जेसीबी मशीनों की मदद से सुबह करीब 9 बजे हटाकर ट्रैफिक बहाल कर दिया गया था। जल्द ही एनएच से चट्टानों को भी हटा दिया जाएगा।
एनएच पर चट्टान दरकने से बीडीओ दफ्तर का एक हिस्सा भी खतरे की जद में आ गया है। वजह है कि खंड विकास कार्यालय समेत नगर परिषद कार्यालय, एसडीएम व लोनिवि के अधीक्षण अभियंता का सरकारी आवास भी इसी चट्टान पर है। बरसात के दिनों में भूस्खलन के लिहाज से यह हिस्सा काफी संवेदनशील माना जाता है।

Related posts