
बागेश्वर। जिले में आज ईद-उल फितर जोशोखरोश के साथ मनाई गई। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जामा मस्जिद में ईद की नमाज पढ़ी और देश की अमन चैन के लिए दुआ मांगी।
बृहस्पतिवार की रात चांद दिखते ही ईद के त्योहार की तैयारियां शुरू हो गईं। शुक्रवार की सुबह मुस्लिम समुदाय के लोग पाक साफ होकर दुग बाजार स्थित जामा मस्जिद पहुंचे। यहां उन्होंने ईद की नमाज पढ़ी। इमाम मुफ्ती अदनान ने नमाज अदा कराई। उन्होंने कहा कि एक महीनेे के रोजे के बाद ईद मनाई जाती है। ईद रोजेदार को बरकत देता है। नमाज के बाद सभी धर्मों के लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। नमाज अदा करने वालों में हाजी नूर, आबिद हसन, सुल्तान खान, फिरोज अख्तर, असलम अख्तर, मुख्तार अहमद, हबीबुल्ला, नसीम अहमद, सीराज खान, जुवैद अहमद आदि मौजूद थे। इधर, बागनाथ मंदिर के पुजारी पूरन सिंह रावल, भगत रावल, बबलू जोशी, गोेविंद सिंह भंडारी और लोकमणि पाठक ने जामा मस्जिद जाकर लोगों को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।
