
बागेश्वर। कुमाऊं विश्वविद्यालय ने बीएससी प्रथम वर्ष के एक छात्र को अनुपस्थित दिखाकर उसे फेल कर दिया है। छात्र का कहना है कि उसने सभी परीक्षाएं दी हैं। लेकिन उसके बाद भी उसे अनुपस्थित दर्शाया गया है। उसने राजकीय उच्चतर महाविद्यालय बागेश्वर के प्राचार्य को शिकायती पत्र देकर अंक पत्र में सुधार करने की मांग की है।
मंडलसेरा निवासी उमेश उपाध्याय का कहना है कि उसने वर्ष 2012-13 में कुमाऊं विश्वविद्यालय द्वारा संचालित बीएससी प्रथम वर्ष की परीक्षा दी। यह परीक्षा उसने राजकीय महाविद्यालय बागेश्वर से दी। बृहस्पतिवार को उसने नेट पर रिजल्ट देखा तो उसे गणित के एक प्रश्न पत्र में अनुपस्थित दिखाकर फेल कर दिया गया है, जबकि उसने सभी प्रश्न पत्रों की परीक्षा दी है। उसने कालेज के प्राचार्य को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच कराकर अंक पत्र में गलती को ठीक कराने की मांग की है। कालेज के प्राचार्य एससी पंत ने बताया कि कालेज परीक्षा संपन्न कराता है जबकि परीक्षाफल कुमाऊं विश्वविद्यालय बनाता है। यह चूक वहां से हुई है। उन्होंने छात्र से कालेज से आवेदन अग्रसारित कर कुमाऊं विश्वविद्यालय को भेजने को कहा। कालेज प्रशासन भी छात्र के आवेदन को कुविवि को फैक्स करेगा।
