आधार कार्ड सूची में नाम नहीं होने पर आक्रोश

गरुड़। राजकीय हाईस्कूल मथुरों पाटली में लगे शिविर में आधार कार्ड बनाने वाली एनजीओ की सूची में सैकड़ों लोगों का नाम नहीं होने पर उन्होंने हंगामा काटा। गुस्साए ग्रामीणों ने डीएम से परिवार रजिस्टर के तहत ग्रामीणों का आधार कार्ड बनाने की मांग की है।
न्याय पंचायत क्षेत्र के सेंणु, मथुरों, पाटली, लौबांज, दियोरड़ा, भेटा, दुदिला, रतौड़ा, विणखेत भोजगढ़ आदि गांवों के ग्रामीण आधार कार्ड बनवाने के लिए बृहस्पतिवार को राजकीय हाईस्कूल मथुरों पाटली पहुंचे। एनजीओ की सूची में नाम दर्ज नहीं होने पर उन्होंने स्कूल में नारेबाजी की। हालांकि एनजीओ ने बताया कि जिला प्रशासन से संशोधित सूची आ जाने के बाद उनका आधार कार्ड बनाया जाएगा। गुस्साए ग्रामीणों की कालेज परिसर में हुई सभा में सामाजिक कार्यकर्ता संजय जोशी ने कहा कि प्रशासन आधार कार्ड बनाने के नाम पर उन्हें गुमराह कर रहा है। सभा को मोहन जोशी, दिनेश गोस्वामी, गिरीश जोशी, दीपा जोशी, कविता, कमला ग्राम प्रधान मथुरों तिल राम, एडवोकेट जगदीश आर्या आदि ने संबोधित किया।

Related posts