
चंपावत। राजकीय डिग्री कालेज में अब साप्ताहिक प्रसार व्याख्यानमाला शुरू कर दी गई है। हर सप्ताह कालेज के प्राध्यापक किसी एक विषय पर व्याख्यान देंगे। इसमें यह अनिवार्य कर दिया गया है कि हर छात्र-छात्रा उपस्थित रहे। पहला व्याख्यान राजनीतिशास्त्र के प्राध्यापक डा. दिनेश शर्मा ने दिया। उन्होंने भारत की आणविक नीति पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि परमाणु का उपयोग ऊर्जा शक्तियों के लिए किया जाना चाहिए।
डा. शर्मा ने कहा कि भारत की परमाणु नीति स्पष्ट है। वह इसके गलत उपयोग के पक्ष में कदापि नहीं है। प्राचार्य डा. सीडी सूंठा ने बताया कि हर सप्ताह एक व्याख्यान होगा। हर प्राध्यापक हर हफ्ते एक व्याख्यान तैयार करेगा और बच्चों को पाठ्यक्रम से हटकर नए विषय की जानकारी देगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के व्याख्यानों से छात्र-छात्राओं की रुचि जागृत होगी। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह किसी नए विषय पर व्याख्यान होगा। इस मौके पर डा. नीलोफर अख्तर, डा. बृजेश जोशी, डा. सरस्वती बिष्ट, डा. सुमन कुमारी, डा. रचना वत्स, डा. अवनीश उपाध्याय, छात्रसंघ उपाध्यक्ष मनोज रावत उपस्थित थे।
