
रुद्रपुर। विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने कहा कि यह शहीदों की शहादत का ही परिणाम है, हम खुली हवा में चैन से सांस ले रहे हैं। देश की आजादी बनाए रखने के लिए सभी को राष्ट्रसेवा का संकल्प लेना चाहिए। कुंजवाल ब्लाक सभागार में अखिल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन के तत्वावधान में आयोजित अगस्त क्रांति दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आजादी के दीवानों ने जो सपने देश के लिए देखे थे, उसके अनुसार देश का निर्माण व विकास नहीं हुआ। कहा कि देश में स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नैतिक मूल्यों में आ रही गिरावट को रोकना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बब्बन सिंह ने आजादी के दौरान सेनानियों के संघर्षमयी संस्मरण सुनाए। संगोष्ठी में संगठन जिलाध्यक्ष जगत सिंह परिहार, उमेश पांडे, जय प्रकाश सिंह, प्रमोद सिंह, शंभूनाथ वर्मा, हरीश पांडे, देवनाथ वर्मा, नगर निगम मेयर सोनी कोली ने भी विचार रखे। इससे पहले कुंजवाल ने ब्लाक परिसर में शहीद स्मारक में शहीदों का भावपूर्ण स्मरण किया और दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। चुकटी देवरिया से आई स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष जीसी परगांई ने किया। इस मौके पर डीडीओ आरसी तिवारी, एसडीएम तीरथ पाल सिंह, बीडीओ एसडी गर्जोला, रामनरेश चतुर्वेदी, अरुण शुक्ला, मदन मोहन शर्मा, डॉ केएन विश्वास, दिग्विजय सिंह, साजिद खान, सुभाष मिश्रा, अशोक तिवारी, शिवनारायण सिंह, सरोजनी देवी, मयंक चौहान, प्रमोद सिंह, सत्यदीप सिंह गुलाटी, आरवी वार्ष्णेय, देवेंद्र शर्मा सहित तमाम लोग मौजूद थे।
