
द्वाराहाट। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकार संगठन की बैठक में अगस्त क्रांति के मौके पर आजादी के रण बांकुरों को याद किया गया। इस मौके पर कई प्रस्ताव पारित कर शासन-प्रशासन से उनके निराकरण की मांग की गई। तय हुआ कि समस्याओें लेकर संगठन का शिष्टमंडल विधायक मदन बिष्ट के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मिलने देहरादून जाएगा।
उन्होंने द्वाराहाट महाविद्यालय का नाम प्रसिद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और बारामंडल क्षेत्र के पूर्व विधायक स्व. पं. मदन मोहन उपाध्याय के नाम पर रखने की मांग की। वक्ताओं ने द्वाराहाट विधानसभा क्षेत्र में एक मात्र जीवित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी खीम सिंह बिष्ट के पुत्र नरेंद्र बिष्ट की पिछले दिनों हुई संदिग्ध मौत मामले का अब तक पर्दाफाश नहीं होने पर कड़ा रोष जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने समय-समय पर सरकार के सामने कई समस्याएं रखीं, लेकिन कई समस्याएं अब भी हल नहीं हुई हैं। तय हुआ कि मांगों को लेकर शीघ्र ही संगठन का शिष्टमंडल विधायक को लेकर देहरादून में मुख्यमंत्री से मिलेगा। बहादुर सिंह बिष्ट को भाजपा किसान मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर संगठन ने खुशी जताई। इस मौके पर हिमांशु उपाध्याय, एमसी तिवारी, उमराव सिंह, सुरेंद्र नाथ, नवीन जोशी, डा. तारा लाल साह, मोहन पांडे, भूपाल सिंह, राम सिंह, मदन बोरा, दीवान सिंह, बसंत साह, भरत उपाध्याय आदि मौजूद थे।
