
अल्मोड़ा/रानीखेत। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष मंजू तिवारी ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलों में मोर्चा कार्यकारिणी गठित कर पार्टी को मजबूत किया जाएगा। लोकसभा चुनाव में महिलाओं के लिए टिकट की दावेदारी होगी। मोर्चा अध्यक्ष अल्मोड़ा में पत्रकारों से वार्ता कर रही थीं।
उन्होंने प्रदेश में मोर्चे की बागडोर मिलने पर पार्टी का आभार जताते हुए कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए शीघ्र ही सभी जिलों में कार्यकारिणी गठित होगी। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा पंचायत और लोकसभा चुनावों के लिए तैयार है। आधी आबादी महिलाओं की है। पंचायतों में महिलाओं को 50 फीसदी सीटों पर संविधान प्रदत्त आरक्षण है। लोकसभा चुनाव में भी अधिक महिलाओं को टिकट देने के लिए पार्टी में आवाज उठाएंगी। इस मौके पर जानकी आर्या, किरन पंत, लता पांडे आदि मौजूद थे। इससे पहले मोर्चा प्रदेश बनने के बाद पहली बार अल्मोड़ा पहुंचने पर श्रीमती तिवारी का भाजपा और फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
उधर रानीखेत में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष मंजू तिवारी ने महिला प्रकोष्ठ की पूर्व संयोजिका ज्योति साह मिश्रा के कालिका स्थित आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने पिछले चार माह में 27 बार सीज फायर का उल्लंघन किया। सरकार की नाकामियों के चलते भारत की साख पूरे विश्व में गिर रही है। उन्होंने प्रदेश की बहुगुणा सरकार की गलत नीतियों की जमकर आलोचना की।
