पेड़ से दबकर 76 वर्षीय वृद्धा की मौत

द्वाराहाट। शुक्रवार दिन में हुई बारिश के चलते चीड़ का पेड़ टूटने से मवेशियों को चुगाने जंगल गई विजयपुर निवासी वृद्धा की दबकर मौत हो गई।
विजयपुर निवासी सरुली देवी (76) पत्नी जोगा राम, मोहित (6) पुत्र प्रकाश राम, अनिल कुमार (11) पुत्र किशोरी लाल, सोबन राम (29) पुत्र पर राम मवेशी चुगाने को घर से कुछ दूर गाड़ाखर्क जंगल गए थे। दिन के समय तेज बारिश हो गई। बारिश से बचने के लिए चारों चीड़ के पेड़ के नीचे एक ही छतरी के नीचे बैठे थे। करीब 1:30 बजे लीसे के घाव से कमजोर हुआ चीड़ का पेड़ टूट गया। पता चलने पर मोहित, अनिल कुमार और सोबन राम ने भाग कर जान बचाई लेकिन वृद्धा पेड़ की चपेट में आकर दब गई। सोबन राम ने किसी तरह बुजुर्ग महिला को निकाल कर एक किमी दूर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उसे 108 एंबुलेंस से द्वाराहाट के सामुदायिक अस्पताल पहुंचाया गया। यहां पहुंचने पर डा. रविशंकर ने वृद्धा को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर राजस्व उप निरीक्षक नवीन चंद्र आर्या ने घटना स्थल का दौरा किया। विजयपुर के प्रधान आनंद राम, बीडीसी सदस्य लक्ष्मण सिंह आदि ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को आपदा मद से मुआवजा देने की मांग की है।

Related posts