
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल में भारी बारिश के कारण कलौहड़ क्षेत्र में गौशाला ढहने पर उसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। बारिश से डैहर और अलसू में भी दो मकान बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर कलौहड़ पंचायत के धंधरास गांव में बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई गौशाला ढह गई। जिस समय यह हादसा हुआ उस वक्त अमर सिंह गौशाला में काम कर रहा था। गौशाला के ढहने से वह उसकी चपेट में आ गया तथा मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जब परिजनों को इस हादसे का पता चला तो उन्होंने आसपास के लोगों के साथ मिल कर अमर सिंह को मलबे से बाहर निकाला। उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे पर मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने गहरा शोक जताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। सोहन लाल के निर्देश पर प्रशासन ने मृतक के परिजनों को फौरी सहायता के तौर पर दस हजार की राशि भी प्रदान की है। उधर, डैहर में बारिश के कारण खेम राज गुप्ता और अलसू में चुनी लाल का मकान बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। सूचना मिलने पर मुख्य संसदीय सचिव ने प्रशासन को प्रभावित परिवार के नुकसान का जायजा लेने के निर्देश दिए। नायब तहसीलदार ने दोनों प्रभावित परिवारों को तीन-तीन हजार की राशि फौरी सहायता तथा एक-एक तिरपाल भेंट किया। इधर, थाना प्रभारी जगदीश कंवर ने बताया कि अमर सिंह के शव का पोस्टमार्टम करवा कर पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है।
