
केलांग। चौखंग और नैनगाहर इलाके में बादल फटने के बाद आई बाढ़ से चौखंग के पास सड़क मार्ग का एक हिस्सा बह गया। बाढ़ के कारण इलाके में टेलीफोन सेवा ठप होने के साथ ही पेयजल आपूर्ति भी बंद पड़ी है। ग्रामीण राजू, बंतो देवी, सुरेश और हरीश ने बताया कि बाढ़ के कारण सड़क मार्ग ढहने से छोगजिंग, ग्वाडी और नैनगाहर में मटर से लदे वाहन फंसे हैं।
खेतों में तैयार हरा मटर और सब्जियां समय पर मंडियों तक नहीं पहुंची तो किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ेगा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इलाके में जल्द सड़क मार्ग के साथ पेयजल आपूर्ति और टेलीफोन सुविधा बहाल करने की मांग की है। बाढ़ के कारण पेयजल पाइपें फट जाने से तीनों गांव के लोग नाले का मटमैला पानी पीने को मजबूर हैं। वीरवार को घटना की सूचना मिलते ही उपमंडल अधिकारी उदयपुर राजकृष्ण ठाकुर और सहायक अभियंता आईपीएच अमित कुमार ने मौके का दौरा किया। एक माह के भीतर इलाके में बादल फटने का यह दूसरा मामला है। विधायक रवि ठाकुर और डीसी वीर सिंह ठाकुर ने बाढ़ प्रभावित चंगुट गांव का दौरा किया। विधायक ने कहा कि मयाड़ और चौखंग क्षेत्र में सड़क समेत सभी मूलभूत सुविधाओं को बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
