
अंब (ऊना)। कभी शांत रहने वाला अंब उपमंडल आज प्रदेश पटल पर सुर्खियों में आ रहा है। आंकड़े बताते हैं कि पिछले एक माह में करीब 25 वाहन चालकों के चालान नशे के कारण हुए। वहीं अंब थाने में अभी तक करीब 15 मामले ऐसे रजिस्टर्ड हुए हैं जिनमें नशेे की हालत में युवाआें और अधेड़ वर्ग लोगों ने अपने ही परिजनाें और अन्य लोगों के मारपीट के मामले सामने आए हैं। इनमें कई परिजनों ने अपने लाडलों से सुरक्षा पाने के चक्कर में उन्हें हवालात तक में पहुंचा दिया है। उपमंडल के तहत पड़ते तकरीबन सभी ढाबों पर शाम को शराब के जाम परोसे जाते हैं। आए दिन विभाग की ओर से इन ठिकानों पर छापा मारा जाता है लेकिन आज तक विभाग इसे पूर्ण रूप से रोक नहीं पाई है।
क्षेत्र के बुद्धिजीवी वर्ग का मानना है कि इन सबके पीछे परिजनों की नाकारी ही सामने आती है। उनका मानना है कि आज के प्रतिस्पर्धा के युग में लोग पैसे कमाने की होड़ में लगे हैं। उन्हें अपने ही बच्चों के साथ बिताने को समय नहीं है। ऐसे में युवा वर्ग नशे में डूबता जा रहा है। वहीं डीएसपी अंब मदन कौशल ने बताया कि एक अभियान के तहत ऐसे सभी ठिकानों पर छापे मार कर उन्हें बंद करवाया जाएगा। नशे से उपमंडल को पूरी तरह मुक्त करवाया जाएगा जिसमें युवा वर्ग के परिजनों का भी समर्थन विभाग को चाहिए।
