
रामपुर बुशहर। यहां की रचोली पंचायत में आयोजित सावन मेला शुक्रवार को विधिवत रूप से संपन्न हो गया। मेले में पहुंचे सभी मेहमान देवता भी अपने-अपने देवालयों की ओर रवाना हो गए। इस बार मेले में मेजबान समेत शिमला एवं कुल्लू जिले के पांच देवता पहुंचे थे। शुक्रवार को अंतिम दिन रचोली में देवताओं से आशीर्वाद हासिल करने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटी। दिनभर में यहां नाटियों का दौर चला। रचोली में सावन मेला वीरवार को शुरू हुआ था। हर साल सावन में मनाए जाने वाले इस मेले में मेजबान देवता जाख के अलावा देवता साहिब बसाहरू, काजल देवता गसो, धारा सरगा, जलनाग सरपारा अपने देवलुओं के साथ शरीक हुए। शुक्रवार को मेला विधिवत रूप से संपन्न हो गया और मेहमान देवता भी अपने-अपने क्षेत्रों की ओर रवाना हो गए। दोपहर बाद शाम के समय मेला कमेटी की ओर से मेहमान देवताओं को विदाई दी गई। वीरवार को भी यहां नाटी का दौर चला और लोगों ने देवलुओं के साथ नाटी का लुत्फ उठाया। जाख देवता मंदिर कमेटी के सचिव अर्जुन नेगी ने बताया कि शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचे और देवताओं से सुख शांति का आशीर्वाद लिया। उन्होंने बताया कि दोपहर बाद शाम के समय मेहमान देवता और देवलुओं को विदाई दी गई।
